अग्निमित्रा पॉल और एस. पोनाबालम की मौजूदगी में शनिवार को आसनसोल स्थित डीएम कार्यालय में उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पश्चिम बर्धमान जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज़ी देना और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
बैठक में जिले के आठ भाजपा विधायक, एडीएम, एसडीओ, बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, आधारभूत संरचना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
बैठक के बाद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जिले में पहली बार इस तरह की समन्वय बैठक आयोजित की गई है, जहां प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगा।
मंत्री ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के तहत पश्चिम बंगाल में तेज़ विकास का जो लक्ष्य तय किया गया है, उसे अब जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है। पश्चिम बर्धमान सहित पूरे राज्य में जनहित योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी एस. पोनाबालम ने बताया कि 18 मई से 25 मई तक जिले में “जन भागीदारी प्रचार अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

