डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों की जिंदगियों पर भारी पड़ने लगी है। जिले के मझगांव प्रखंड की अंगारपदा पंचायत (कुन्डुवाबसा बुरुसाई टोला) में एक खौफनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां बारिश के कारण गीली होकर ढही मिट्टी की दीवार के मलबे में दबने से एक मासूम बच्चे की मौके पर ही सांसें थम गई।
खेलते-खेलते मौत के आगोश में समाया मासूम
हादसा दोपहर लगभग 11:30 बजे का है। मोरा पूर्ति और शांति पूर्ति का बेटा रोहित पूर्ति घर के आंगन में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल जाएंगी। लगातार पड़ रही बौछारों से मिट्टी का घर पूरी तरह जर्जर हो चुका था। अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी और रोहित उसके भारी-भरकम मलबे के नीचे दफन हो गया।
खेत में काम कर रही थी मां, गांव में पसरा मातम
जब यह भयानक हादसा हुआ, तब मासूम की मां शांति पूर्ति खेत में मजदूरी करने गई हुई थी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी—रोहित जिंदगी की जंग हार चुका था। मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे कुन्डुवाबसा बुरुसाई टोला में सन्नाटा और मातम छा गया।
कच्चे मकानों में रहने वालों पर मंडराया खतरा
इस हादसे ने क्षेत्र में मिट्टी के घरों में रह रहे सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। लगातार जारी बारिश के कारण कच्चे मकानों के ढहने की आशंका काफी बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

