डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : शहर को दहलाने और एक बड़ी बैंक डकैती को अंजाम देने की खतरनाक साजिश को तिलैया थाना पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। इंदरवा-झरनाकुंड इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने छापेमारी की, जिसके बाद हुई सीधी मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा अपराध होने से टल गया।
फायरिंग के बीच पुलिस की सख्त कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस की विशेष टीम ने इंदरवा-झरनाकुंड स्थित ठिकाने पर दबिश दी, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस बल पर ही हथियार तान दिए। आत्म रक्षा के लिए पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। अफरातफरी के माहौल में अपराधियों को काबू करने के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार भी चोटिल हो गए।
घातक हथियारों का जखीरा जब्त, चार गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से घेराबंदी करके कुल चार अपराधियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद हुए हैं। पिस्टल 3, कारतूस 15 जिंदा गोलियां, मैगजीन 5 बरामद किए है।
बिहार से जुड़े हैं तार, एसपी ने संभाली कमान
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी चार अंतरराज्यीय अपराधी बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुमार शिवाशीष खुद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी के स्वास्थ्य का जायजा लिया और पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह किस बैंक को अपना निशाना बनाने वाला था और इलाके में इन्हें किन स्थानीय मददगारों का समर्थन मिल रहा था। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

