बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा के लिए निर्वाचित बोने के बाद सीएम नीतीश ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आने वाले दिनों में वे मुख्यमंत्री पद भी छोड़ देंगे। ऐसे में बिहार के नए सीएम के नाम को लेकर चर्चा तेज है। इस बीच मोकामा के बाहुबली विधायक और जनता दल यूनाटेड (जेडीयू) नेता अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है।
सीएम पद के लिए दोहराया निशांत का नाम
नीतीश कुमार ने सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बाहुबली विधायक और नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के नेता अनंत सिंह ने मंगलवार को कहा कि बिहार में अगले मुख्यमंत्री के लिए निशांत कुमार सबसे उपयुक्त हैं। वे शिक्षित और योग्य है। उनमें राज्य का नेतृत्व संभालने की योग्यता है। अनंत सिंह जेल से बाहर आने के बाद से ही निशांत कुमार को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के लिए योग्य बताते रहे हैं। एक बार फिर उन्होंने निशांत का नाम दोहराया।
सम्राट चौधरी का भी लिया नाम
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर चुके मोकामा के बाहुबली विधायक और जेडीयू के नेता अनंत सिंह ने अब मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी के एक नेता का नाम भी विकल्प के रूप में सुझाया है। अनंत सिंह ने कहा कि यदि निशांत कुमार को सीएम नहीं बनाया जा सकता और बीजेपी का ही मुख्यमंत्री बनाया जाना है तो इसके लिए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ठीक रहेंगे।
मौजूदा बिहार नीतीश कुमार का ही बसाया है-अनंत सिंह
वहीं, नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने पर कहा कि मौजूदा बिहार नीतीश कुमार का ही बसाया है। उन्होंने ही राज्य में इतना विकास किया है जिस कारण सब लोग आराम से एक जगह से दूसरी जगह आ जा रहे हैं। आज उनके बिहार से जाने से हर कोई रो रहा है चाहे पक्ष हो या विपक्ष हर कोई उन्हें बिहार में चाहता है।
नीतीश राज्यसभा जाने का निर्णय ले चुके हैं-अनंत सिंह
अनंत सिंह ने ये भी कहा कि विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने के एक दिन पहले उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। उन्होंने काह, ‘हम उसी समय समझ गए थे कि दिल्ली जाने का जो फैसला लिया उसको वो नहीं बदलेंगे। पूरा बिहार चाहता है कि नीतीश कुमार पांच साल मुख्यमंत्री रहें। उनके नाम पर प्रचंड जनादेश मिला। लेकिन अब वह राज्यसभा जाने का निर्णय ले चुके हैं।’

