हाजीपुर में श्राद्ध भोज खाने से करीब 60 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ लोगों को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फूड पॉइजनिंग के कारण लोगों की तबीयत खराब हुई है।
बिहार के हाजीपुर के धमौन गांव में एक श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान भोज का आयोजन किया गया था। इसमें पूरी-सब्जी समेत कई पकवान बनाए गए थे। भोज में शामिल होने के बाद करीब 50 से 60 लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमार पड़ने वालों में ज्यादातर महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल हैं।
लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। 15 से ज्यादा लोगों के बेहोश होने के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की निगरानी और इलाज कर रही है।
खाने और मिलावट की जांच की जा रही है। फूड पॉइजनिंग की वजह का पता लगाने के लिए भोजन में इस्तेमाल सामग्री और किसी संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। तेज गर्मी में लंबे समय तक रखा खाना खराब होने की आशंका भी जताई जा रही है।

