गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद में हुई सनसनीखेज वारदात, पैसे कलेक्शन कर लौट रहे थे उमेश यादव
धनबाद। जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे और ग्राहकों से पैसे कलेक्शन करने की जिम्मेदारी संभालते थे।
पैसे कलेक्शन कर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, रविवार को भी उमेश यादव ग्राहकों से पैसे कलेक्शन कर अपनी बाइक से वापस आटा मिल लौट रहे थे। इसी दौरान खेरकाबाद के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की नीयत हो सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि मामले का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
7-8 वर्षों से मिल में कर रहे थे काम
आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले 7-8 वर्षों से उनके यहां कार्यरत थे और पैसे कलेक्शन का काम देखते थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह कलेक्शन के लिए निकले थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय उनके पास कितनी नकदी थी और क्या कोई रकम लूटी गई है।
सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। केंदुआडीह थाना इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आपसी रंजिश, लूट और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना ने धनबाद में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

