जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद: साकची शालीमार मार्केट में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दोबारा पिस्तौल चमकाकर दी धमकी, बुलेट छोड़ भागे बदमाश

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में से एक साकची शालीमार मार्केट सोमवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने तीन दुकानदारों को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। वारदात यहीं नहीं रुकी दुस्साहस का आलम यह था कि पुलिस को चुनौती देते हुए आरोपी थोड़ी देर बाद दोबारा पिस्तौल लहराते हुए धमकाने पहुंच गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे बाजार में खौफ का माहौल है और स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रंगदारी न देने पर ताबड़तोड़ चाकूबाजी, MGM में तीन भर्ती
​मिली जानकारी के अनुसार एक युवक अक्सर शालीमार मार्केट की दुकानों पर आकर धौंस जमाता था। सोमवार दोपहर वह दोबारा पहुंचा और दुकानदारों से अवैध रूप से पैसों की मांग करने लगा। जब वहां मौजूद दुकानदारों ने उसकी नाजायज मांग का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने आपा खो दिया। उसने जेब से धारदार चाकू निकाला और वहां मौजूद तीन लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में गंभीर रूप से घायल तीनों पीड़ितों की पहचान हो गई है।
​मिनादुल हक (निवासी: बाराद्वारी, मोहम्मडन लाइन)
​मो. ताजू (निवासी: बाराद्वारी, मोहम्मडन लाइन)
​मो. अब्दुल मजिद (निवासी: साकची लुका)
​घायलों को स्थानीय दुकानदारों की मदद से तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चश्मदीद दुकानदारों के मुताबिक वारदात को अंजाम देकर भागने के बाद तीन युवक एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोबारा शालीमार मार्केट धमके। इस बार उनके हाथों में पिस्तौल थी।
​बदमाशों ने सरेबाजार पिस्तौल लहराते हुए दुकानदारों को पुलिस में केस न करने की धमकी दी। हालांकि जब बाजार के दुकानदार एकजुट होने लगे और उन्होंने साहस दिखाया, तो अपराधी घबरा गए। हड़बड़ाहट में बदमाश अपनी बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर पैदल ही फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और व्यापारियों का आक्रोश
​घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की छूटी हुई बुलेट को जब्त कर लिया है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए हैं। साकची थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद और रंगदारी से जुड़ा लग रहा है। लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

व्यापारियों ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल
दिनदहाड़े बाजार में हुई इस गुंडागर्दी और दोबारा पिस्तौल लेकर आने की घटना से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। दुकानदारों का कहना है कि अगर व्यस्त बाजार में अपराधी इस कदर बेखौफ होकर रंगदारी मांगेंगे और जानलेवा हमला करेंगे, तो कोई शांति से व्यापार कैसे कर पाएगा? व्यापारियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

Share This Article