सब्जी बेचने जा रहे ग्रामीण पर अंधाधुंध तीरंदाजी, शरीर में धंसे 3 तीर, हालत गंभीर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी इलाके में खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां शनिवार को एक ग्रामीण पर उस वक्त जानलेवा हमला हुआ, जब वह बाजार में सब्जी बेचने जा रहा था। हमलावर ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित पर एक-दो नहीं, बल्कि एक के बाद एक करीब 20 तीर दागे।

क्या है पूरा मामला?
​मिली जानकारी के अनुसार झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव निवासी चोया बिरूली (45 वर्ष) शनिवार सुबह घर से सब्जी लेकर जोड़ापोखर हाट (बाजार) जा रहे थे। रास्ते में चिड़ियापहाड़ी गांव का रहने वाला दोपे बिरूली पहले से ही घात लगाकर बैठा था। जैसे ही चोया वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर तीरों की बौछार कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चोया को मारने की नीयत से 20 तीर चलाए। इनमें से तीन तीर चोया के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गहरे जा धंसे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

पुलिस की कार्रवाई और इलाज
​सड़क किनारे तड़पते हुए ग्रामीण को देख राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। झींकपानी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन के जरिए शरीर में फंसे तीरों को निकालने की कोशिश कर रही है। पीड़ित की हालत फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है।

आरोपी की तलाश जारी
​पुलिस ने इस सनसनीखेज हमले को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी दोपे बिरूली घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह (रंजिश या कोई अन्य विवाद) अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Share This Article