डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी बीडीओ और सीओ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक प्रखंड में संबंधित बीडीओ नोडल पदाधिकारी होंगे। जिला स्तर पर विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी की जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में 31 मई 2026 तक लीड फेसिलिटेटर का चयन सुनिश्चित किया जाए। लीड फेसिलिटेटर स्वच्छ भारत मिशन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क के प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे और आमजन के बीच बैठक, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण के लाभों की जानकारी देंगे।
बैठक में प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल ऑफिसर चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए। वार्ड नोडल ऑफिसर को बल्क वेस्ट जेनरेटर की पहचान कर जून 2026 तक उसकी सूची उपलब्ध करानी है। साथ ही बल्क वेस्ट जेनरेटर को चार प्रकार के डस्टबिन रखने के संबंध में जागरूक किया जाएगा, ताकि सैनिटरी, गीला, सूखा और अन्य कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा सके। स्थानीय स्तर पर ऐसा मैकेनिज्म विकसित किया जाएगा। जिससे हाट-बाजार में नियमित और वैज्ञानिक तरीके से कचरा संग्रहण और निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों को लक्षित किया गया है। उन्होने पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता पर बल दिया। उपायुक्त ने सभी सीओ को प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित और उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पंचायत और प्रखंड स्तर पर सेग्रिगेशन सेंटर और प्लास्टिक वेस्ट सेग्रिगेशन सेंटर स्थापित किए जा सकें। बैठक में उप विकास आयुक्त, उप नगर आयुक्त जेएनएसी व अन्य नगर निकाय पदाधिकारी, पेयजल और स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे। वहीं बीडीओ, सीओ ऑनलाइन जुड़े।

