महिलाओं की माहवारी पर अब टूटेगी चुप्पी! चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो कार्यक्रम के तहत जिलेभर में चलेगा बड़ा जागरूकता अभियान

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड में महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 28 मई से 4 जून तक जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी बीडीओ एवं प्रखंड वाश समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, शिक्षा और सुरक्षित जीवन से जुड़ा अहम मुद्दा है। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोरियां सैनिटरी नैपकिन का उपयोग नहीं कर रही हैं, जिसे बदलने के लिए व्यापक जनजागरूकता जरूरी है।

अभियान के तहत पंचायत एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता रैली, प्रभातफेरी, शपथ ग्रहण, रेड डॉट चैलेंज, समूह बैठक और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूह, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति और विभिन्न विभागों के सहयोग से गांव-गांव तक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन का लक्ष्य है कि माहवारी से जुड़ी झिझक, भ्रांतियां और चुप्पी को खत्म कर महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाया जाए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....