जमशेदपुर-कोलकाता हवाई सेवा पर लगा ब्रेक, इंडिया वन एयर ने शुरू की भुवनेश्वर के लिए ‘डेली फ्लाइट’, इतना है किराया

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के हवाई यात्रियों के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर एक साथ आई है। सोनारी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए संचालित होने वाली विमान सेवा को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। हालांकि विमान कंपनी इंडिया वन एयर ने इसके बदले यात्रियों को भुवनेश्वर का तोहफा दिया है। अब जमशेदपुर से भुवनेश्वर के लिए रोजाना हवाई सेवा शुरू कर दी गई है।

क्यों बंद हुई कोलकाता की उड़ान?
​इंडिया वन एयर की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार कोलकाता रूट पर उड़ान बंद करने के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण हैं।

वायबिलिटी गैप फंडिंग का रुकना: कंपनी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से मिलने वाली वायबिलिटी गैप फंडिंग को आगे नहीं बढ़ाया गया है।
बढ़ती लागत: अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रहा इजाफा भी इसका एक बड़ा कारण है। इसके अलावा चुने हुए रूट पर आरसीएस उड़ान स्कीम सिर्फ 3 साल के लिए ही मान्य होती है, जिसके चलते इस सेवा को बंद करने का फैसला लिया गया। बता दे कि पिछले कई महीनों से जमशेदपुर-कोलकाता हवाई उड़ान लगातार बाधित चल रही थी और इसे केवल बीच-बीच में ही चलाया जा रहा था।

भुवनेश्वर के लिए डेली फ्लाइट, किराया ₹4,114
​कोलकाता सेवा बंद होने के बाद कंपनी ने भुवनेश्वर रूट पर फोकस बढ़ा दिया है। इससे पहले भुवनेश्वर की सेवा बंद थी, जिसे अब पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन (रोजाना) उपलब्ध होगी। जमशेदपुर से भुवनेश्वर का हवाई सफर तय करने के लिए यात्रियों को ₹4,114 का टिकट लेना होगा। इस नई शुरुआत से ओडिशा जाने वाले व्यवसायियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article