डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : साकची के बंगाल क्लब रोड पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। दुकानदारों में खौफ पैदा कर रंगदारी वसूलने के इरादे से गोलीबारी करने वाले मुख्य आरोपी विपिन शुक्ला को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
यूपी भागने की फिराक में था आरोपी, बस स्टैंड के पास धराया
सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी विपिन शुक्ला फरार चल रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए अपने पैतृक गांव भदोही भागने की तैयारी में था। 21 जून को जब वह मानगो बस स्टैंड की तरफ जा रहा था, तभी पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर उसे हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूईलाडुंगरी का रहने वाला है।
नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा था हथियार
पुलिस की पूछताछ में आरोपी विपिन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने और उनसे रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से ही उसने 19 जून की रात करीब 10 बजे अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास फायरिंग की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक अवैध देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की है। इससे पहले घटनास्थल से पुलिस को 7.65 एमएम का एक खोखा भी मिला था।
विशेष टीम ने 48 घंटे में किया खुलासा
19 जून की रात हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया था। साकची थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 308(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

