डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आर्द्रा मंडल में जरूरी मेंटेनेंस वर्क के कारण 22 जून से 28 जून तक रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। इस वजह से बोकारो, गोमो, टाटानगर और आसपास के रूट पर चलने वाली कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट छोटे किए गए हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए नीचे रद्द और प्रभावित होने वाली ट्रेनों की पूरी सूची दी जा रही है।
पूरी तरह रद्द रहने वाली मेमू ट्रेनें
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार ट्रैक और सिग्नलिंग के काम की वजह से ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर पूरी तरह रद्द रहेंगी।
आर्द्रा-आसनसोल-आर्द्रा मेमू (ट्रेन संख्या 68061-68062): यह ट्रेन 25 जून को रद्द रहेगी।
आर्द्रा-मिदनापुर-आर्द्रा मेमू (ट्रेन संख्या 68090-68089): यह ट्रेन 23, 26 और 28 जून को नहीं चलेगी।
आर्द्रा-भागा-आर्द्रा मेमू (ट्रेन संख्या 68077-68078): इस ट्रेन का परिचालन 25 और 28 जून को बंद रहेगा।
शॉर्ट टर्मिनेट (आधे रास्ते तक) चलने वाली ट्रेनें
ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेनों का सहारा लेना पड़ सकता है:
चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू (ट्रेन संख्या 18116-18115): यह ट्रेन 23, 26 और 28 जून को केवल महुदा स्टेशन तक ही जाएगी। इस दौरान महुदा-गोमो खंड के बीच सेवा पूरी तरह ठप रहेगी।
बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13503-13504): यह एक्सप्रेस ट्रेन 25 और 28 जून को केवल गोमो स्टेशन तक ही संचालित होगी। गोमो से हटिया खंड के बीच इसका परिचालन नहीं किया जाएगा।
महुदा-गोमो रेल खंड के बीच तीन दिनों तक सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा इस ब्लॉक का सीधा असर टाटानगर के रेल यात्रियों पर भी पड़ेगा, जिन्हें कनेक्टिंग ट्रेनों के भरोसे सफर करना पड़ सकता है।
रेलवे प्रशासन की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

