डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मुहर्रम पर्व के मौके पर शहर में निकलने वाले पारंपरिक ताजिया जुलूस को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। शहरवासियों को जाम और किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए 26 और 27 जून को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अगर आप इन दो दिनों में घर से बाहर निकल रहे हैं, तो ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन और रूट डायवर्जन को जरूर नोट कर लें।
इन इलाकों में केवल एक लेन से चलेंगे वाहन
जुलूस के दौरान शहर के मुख्य व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए सिंगल लेन व्यवस्था लागू की गई है। इन क्षेत्रों में धातकीडीह और बिष्टुपुर, परसुडीह और जुगसलाई, साकची और मानगो, आजादनगर और टेल्को क्षेत्र शामिल है।
जानें, कहां रहेगा रूट डायवर्जन
साकची, बंगाल क्लब, पंप हाउस, मानगो चौक, पारडीह चौक और डिमना चौक के आसपास के कई मार्गो पर अस्थायी रूप से रूट बदले गए हैं।
पारडीह से साकची जाने वाले वाहन: इन वाहनों को डिमना चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
साकची से पारडीह और ओल्ड पुरुलिया रोड जाने वाले वाहन: इन्हें मानगो गोलचक्कर से होकर भेजा जाएगा।
टेल्को क्षेत्र: यहां एम-टाइप चौक से धोबी घाट तक पूरी तरह से वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी नो-एंट्री
समय: 26 जून की दोपहर 1:00 बजे से लेकर 27 जून की सुबह 3:00 बजे तक।
नियम: इस दौरान सभी भारी वाहनों और मालवाहक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
बसें: भारी वाहनों पर लागू यह प्रतिबंध बसों पर भी प्रभावी रहेगा।
वहीं आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एम्बुलेंस के निर्बाध आवागमन के लिए विशेष वैकल्पिक मार्गो की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो।

