डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: वैली व्यू स्कूल के लिए आज का दिन बेहद खुशी और गौरवान्वित करने वाला रहा। विश्व के सबसे बड़े ओलंपियाड SOF के सेकंड राउंड में कक्षा 12वीं के छात्र श्रीमन चंद्रा ने वैश्विक पटल पर स्कूल का नाम रोशन किया है। श्रीमन ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वर्ल्ड रैंक 59 और जोनल रैंक 2 हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 2,500 का नकद पुरस्कार और टॉप रैंकर मेडल से सम्मानित किया गया है।
वैश्विक मंच पर लहराया परचम
बता दें कि इस विश्वविख्यात ओलंपियाड में दुनिया भर के लगभग 1 लाख स्कूलों के लाखों बच्चे भाग लेते हैं। इतने कड़े मुकाबले के बीच 59वीं रैंक हासिल करना एक असाधारण उपलब्धि है। श्रीमन की इस सफलता पर स्कूल की प्रिंसिपल मिक्की सिंह ने गहरी खुशी जाहिर की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।
IIT मंडी में भी बनाई जगह
स्कूल के वाइस प्रिंसिपल और ओलंपियाड इंचार्ज डॉ. जे. के. पाण्डेय ने बताया कि श्रीमन बचपन से ही बेहद होनहार और कुशाग्र बुद्धि के छात्र हैं। उन्होंने हाल ही में घोषित जीईई एडवांस के नतीजों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। श्रीमन ने जेईई एडवांस में 11,000वीं रैंक प्राप्त कर IIT मंडी में अपनी सीट पक्की की है।
स्कूल के 85 छात्रों ने जीते गोल्ड मेडल
वैली व्यू स्कूल के लिए यह साल ओलंपियाड के लिहाज से बेहद स्वर्णिम रहा है। इस वर्ष स्कूल के 85 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल हासिल किए हैं, जो संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों में जश्न का माहौल है।

