खेत से अचानक ऐसा क्या निकला कि भाग खड़े हुए ग्रामीण? पुलिस ने घेरा इलाका

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मनोहरपुर प्रखंड में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत से अचानक मौत का पुराना सामान यानी एक जिंदा बम बरामद हुआ। ट्रैक्टर से जुताई के दौरान जैसे ही लोहे का यह संदिग्ध गोला बाहर आया, पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आते-आते बचा बम
​मिली जानकारी के मुताबिक एक स्थानीय किसान रोज़ की तरह अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान मिट्टी पलटने पर ट्रैक्टर के ब्लेड से एक भारी और संदिग्ध धातु की वस्तु टकराई। किसान ने जब ट्रैक्टर रोककर नजदीक से देखा, तो उसके होश उड़ गए। वह हूबहू एक पुराना बम दिख रहा था। किसान ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।

पुलिस ने घेरा इलाका, बम निरोधक दस्ते का इंतजार
​देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि खतरे को भांपते हुए लोगों को उस संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की हिदायत दी गई। ग्रामीणों ने फौरन स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को बैरिकेड कर दिया है ताकि कोई हादसा न हो। बम कितना शक्तिशाली है, इसकी जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया गया है। प्राथमिक जांच में इसे काफी पुराना माना जा रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से पैनिक न होने की अपील की है। साथ ही कहा है कि खेत या किसी सुनसान जगह पर कोई भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु दिखने पर उसे छुए नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को खबर करें।

घाटशिला की घटना के बाद फिर बढ़ा खौफ
​इस घटना ने इलाके के लोगों की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में सुवर्णरेखा नदी के किनारे भी कई पुराने बम मिले थे। उस वक्त सेना की स्पेशल टीम ने आकर उन्हें डिफ्यूज किया था। अब मनोहरपुर में खेत से बम मिलने के बाद लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी भारी मात्रा में ये पुराने बम जमीनों के नीचे आ कहां से रहे हैं।

Share This Article