पलामू: जिले के मनातू प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड सह अंचल स्तरीय जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मनातू के अंचल अधिकारी मदन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लोगों से बिना किसी संकोच अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की, ताकि संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन, पेंशन, आवास, पेयजल तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों में आवेदन प्राप्त किए गए। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जन समाधान दिवस में प्रखंड कार्यालय के बड़ा बाबू अमरेंद्र कुमार, बीपीआरओ शमीम अंसारी, सीआई धीरेंद्र दीक्षित, रितेश तिवारी, मनातू थाना के इंस्पेक्टर अशोक टोप्पो, प्रखंड समन्वयक बसंत कुमार, एजीएम मोहम्मद फिरदौस, शहाबुद्दीन अंसारी, झामुमो के कार्यकारी उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, इसराइल खान सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने जन समाधान दिवस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई का अवसर मिलता है।

