नशे के खिलाफ एकजुट हुआ झरिया, शपथ और जागरूकता रैली के जरिए दिया नशामुक्त समाज का संदेश

KK Sagar
2 Min Read

मादक पदार्थों के सेवन और उसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से धनबाद नगर निगम के झरिया अंचल की ओर से मंगलवार को चिल्ड्रन पार्क, झरिया में शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, निगम कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। साथ ही मादक पदार्थों से स्वयं दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

इसके बाद आयोजित जागरूकता रैली के माध्यम से आम नागरिकों, खासकर युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। रैली में लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, समाज की शांति और देश के विकास पर भी नकारात्मक असर डालता है। इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

धनबाद नगर निगम ने आम लोगों से अपील की कि वे नशामुक्त भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास करें।

कार्यक्रम में नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत, फूड इंस्पेक्टर करण कुमार, पूनम ज्योति, गार्डन अधीक्षक मनीषा कुमारी, पर्यवेक्षक अमित, रणजीत, सागर, मनोज, सुनील समेत निगम के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....