कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ झामुमो का हल्ला बोल, सिर पर लकड़ी ढोकर जताया विरोध

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आज बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश जताया।

अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन
​प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने सिर पर लकड़ी का गट्ठर लेकर चल रही थी, जो इस बात का प्रतीक था कि एलपीजी सिलेंडर अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। कार्यकर्ताओं के हाथों में रसोई गैस सिलेंडर के कट-आउट और तख्तियां थी, जिन पर महंगाई विरोधी नारे लिखे थे।

कार्यकर्ताओं ने ‘महंगाई पर रोक लगाओ’ और ‘आम जनता को राहत दो’ जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र में मार्च किया। झामुमो नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मिले सिलेंडर अब घरों के कोनों में शोपीस बनकर रह गए हैं, और लोग फिर से चूल्हा फूंकने को मजबूर हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि जब तक केंद्र सरकार कीमतों में कटौती नहीं करती, झामुमो चुप नहीं बैठेगा। यह प्रदर्शन केवल एक शुरुआत है, अगर कीमतें कम नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share This Article