जेपीएससी-जेएसएससी विवादः बेनतीजा बातचीत के बाद विधानसभा मार्च की तैयारी में छात्र, 10 अगस्त को घेराव

Neelam
By Neelam
3 Min Read

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्रों का आंदोलन आज रविवार को 16वां दिन है। आज आंदोलनकारी छात्रों और सरकार के बीच फिर बातचीत होगी। छात्रों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। इसके अलावा आंदोलन को धार देने के लिए 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया हैं।

सरकार पर राजनीतिक चाल चलने का आरोप

झारखंड में परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख छात्र संगठन जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने शनिवार को राज्य सरकार पर राजनीतिक चाल चलने का आरोप लगाया। संगठन का कहना है कि सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों से एक और दौर की बातचीत का एलान कर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की है। रिफॉर्म्स मंच का आरोप है कि शुक्रवार देर रात सरकार के साथ हुई बैठक में उन्होंने अपनी सभी मांगें विस्तार से रख दी थीं। इसके बावजूद सरकार ने शनिवार को कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े छात्र संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया, जबकि इन संगठनों की आंदोलन में कोई भूमिका नहीं रही है।

50 हजार से ज्यादा छात्र करेंगे विधानसभा का घेराव

मंच के एक नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि ये सरकार की राजनीतिक चाल है। सरकार छात्रों के बीच फूट डालने और लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि सभी छात्र एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इस रवैये से हम बहुत दुखी और निराश हैं। रवींद्र पासवान ने कहा कि अगर सरकार रविवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं करती है, तो राज्य भर से 50,000 से ज्यादा छात्र 10 अगस्त को विधानसभा तक मार्च में शामिल होने के लिए रांची पहुंचेंगे।

सबकी नजर आज होने वाली बैठक पर

इधर, सरकार की वार्ता समिति के एक सदस्य ने बताया कि अंतिम निर्णय लेने से पहले प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ छठे दौर की बातचीत की जाएगी। यह बैठक आज दोपहर करीब 12 बजे होगी। सरकार और छात्रों के बीच दो राउंड की बैठक के बाद भी समाधान नहीं निकल पाया है। अब सबकी नजर आज होने वाली बैठक पर है। अगर आज की बैठक भी बेनतीजा रहती है तो 10 अगस्त यानी सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा का घेराव करेंगे। अब देखना होगा सरकार छात्रों की मांग मानकर प्रदर्शन खत्म करवा पाती है या नहीं।

Share This Article