रांची में आंदोलनकारी छात्रोंके समर्थन में उतरे विधायक जयराम महतो, आज कर रहे एक दिन का अनशन

Neelam
By Neelam
3 Min Read

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ छात्र 16 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से उनकी मांगें नहीं मानी गई हैं। इस बीच आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) प्रमुख और विधायक जयराम महतो ने छात्रों को समर्थन दिया है।

एक दिन के निर्जला उपवास पर विधायक

जेएलकेएम प्रमुख और विधायक जयराम महतो ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिवसीय निर्जला अनशन करने का ऐलान किया है। जयराम महतो पुराने विधानसभा परिसर में सुबह छह बजे से एक दिवसीय अनशन पर बैठे है।  उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

विधानसभा मार्च में भी होंगे शामिल

डुमरी से विधायक जयराम महतो ने कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च में वह स्वयं भी शामिल होंगे। उनकी पार्टी ने भी छात्रों के विधानसभा मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है। जयराम महतो के उपवास और विधानसभा मार्च में शामिल होने के ऐलान से छात्र आंदोलन को समर्थन दिया है।

सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की वार्ता

इधर, झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ तीसरे दौर की वार्ता करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सरकार द्वारा गठित वार्ता समिति की करीब चार घंटे तक बैठक हुई। बैठक में छात्रों के साथ पहले हुई पांच दौर की वार्ता की प्रगति और उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई। वार्ता समिति के सदस्य और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पीटीआई को बताया कि मुख्यमंत्री को छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई बैठकों के दौरान सामने आई उनकी मांगों और विचारों से अवगत कराया गया। बैठक में फैसला लिया गया कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ अंतिम दौर की वार्ता रविवार को दोपहर करीब 12 बजे होगी।

Share This Article