डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड में पूरे 9 साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 के आयोजन का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार परीक्षा को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जिसमें 4.50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा के हस्ताक्षर से परीक्षा की तिथियां और पूरा शेड्यूल घोषित कर दिया गया है।
परीक्षा का समय और दो पालियों का शेड्यूल
जेटेट की परीक्षा इस बार दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम पाली (उच्च प्राथमिक स्तर-कक्षा 6 से 8): परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी।
द्वितीय पाली (प्राथमिक स्तर-कक्षा 1 से 5): परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक ली जाएगी।
एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज
अभ्यर्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट से 1 अक्टूबर से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश पाने के लिए परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ अपनी आधार कार्ड की मूल प्रति लाना अनिवार्य है। इसके बिना प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्र के नियम व पाबंदियां
समय पर पहुंचें: परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी को एंट्री नहीं मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध: परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर या स्मार्टवॉच) ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए सुविधा: नियमों के अनुसार, दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
दिशा-निर्देशों का पालन: जैक द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। अगर किसी भी नियम का उल्लंघन होता है, तो संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी खुद अभ्यर्थी की होगी।

