फायरिंग केस में खान सर की अंतरिम राहत बरकरार, बॉडीगार्ड्स को नहीं मिली जमानत

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में खान सर को 30 जून तक राहत मिल गई है। यूट्यूबर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। जिला एवं सत्र न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 30 जून को निर्धारित की है। तब तक खान सर की गिरफ्तारी या उनके खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर अंतरिम रोक जारी रहेगी।

मामले की अगली सुनवाई 30 जून को

कोर्ट के आदेश के बाद खान सर की गिरफ्तारी पर लगी रोक 30 जून तक बढ़ गई है। मामले में सुनवाई की अगली तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। कोर्ट ने अपडेटेड केस डायरी पढ़ने के लिए दोनों पक्षों को तीन दिन का समय दिया।

अपडेटेड केस डायरी पढ़ने के लिए तीन दिन का समय

खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआर ने कोर्ट से अनुरोध किया कि आज ही सुनवाई पूरी कर दी जाए। लेकिन रौशन आनंद के पक्ष की ओर से वकील सत्यम झा ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि डायरी अभी-अभी आई है, इसे पढ़ने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। कोर्ट ने सत्यम झा की मांग स्वीकार करते हुए तीन दिन का समय दिया। मामले को 30 जून के लिए स्थगित कर दिया।

कोर्ट ने दिया था पूरी केस डायरी पेश करने का निर्देश

इससे पहले बुधवार को इस मामले में पटना सिविल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई थी। इस दौरान फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका और उनके दोनों सुरक्षाकर्मियों की नियमित जमानत याचिका पर अदालत में बहस हुई थी। अदालत ने पुलिस की ओर से प्रस्तुत की गई अपडेटेड केस डायरी को अधूरी माना था और जांच एजेंसी को पूरी केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया था।

क्या है मामला?

2 जून 2026 को पटना के कदमकुआं इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज (खान सर की कोचिंग) पर कथित तौर पर हमला हुआ। पत्थरबाजी और झड़प की घटना में खान सर के दो सुरक्षा गार्डों पर फायरिंग का आरोप लगा। पुलिस ने कदमकुआं थाने में हत्या के प्रयास (BNS की धारा 109) समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। इसके बाद रौशन आनंद (ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक) के पक्ष से जुड़े गौरव कुमार और अभिषेक कुमार समेत अन्य लोगों को भी मामले में शामिल किया गया। रौशन आनंद को खुद वैंडलिज्म के मामले में गिरफ्तार किया गया था, उन्हें 12 दिन बाद जमानत मिली। जमानत के बाद रौशन आनंद ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए, जिसमें उनके भाई की मौत और जेल में जानलेवा हमले की साजिश का जिक्र किया गया। खान सर के सुरक्षा गार्डों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वे अभी भी जेल में हैं।

Share This Article