बिहार में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि निकालने पहुंचे कई पेंशनधारी उस समय हैरान हो गए जब उनके खाते में करोड़ों रूपये का बैलेंस दिखाई देने लगी। बिहार के गयाजी, नवादा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और वैशाली जिले में ऐसे मामले सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से 10 जुलाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के खातों में मासिक पेंशन की राशि भेजी गई थी। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई पेंशन खाताधारकों के खाते में करोड़ों रूपये का बैलेंस देखा गया। सामान्य पेंशन खाते में इतनी बड़ी रकम दिखाई देने की खबर तेजी से फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और ऐसे खातों के संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
वैशाली जिले के दो लाभुकों के खातों में करोड़ों और अरबों रुपये दिखे
वैशाली जिले महुआ और जंदाहा प्रखंड के दो पेंशनधारियों के बैंक खातों में अचानक करोड़ों और अरबों रुपये की राशि दिखाई देने लगी। महुआ प्रखंड की गोविंदपुर पंचायत के चखाजे गांव निवासी वृद्ध पेंशनधारी चंद्रदीप राय अपनी 1100 रुपये की पेंशन निकालने के लिए उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे। सीएसपी संचालक ने राशि निकासी के बाद जब खाते का शेष बैलेंस देखा तो स्क्रीन पर प्रदर्शित रकम देखकर हैरान रह गए। खाते में 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 795 रुपये से अधिक की राशि दिखाई दे रही थी। महुआ की घटना के कुछ ही समय बाद जंदाहा प्रखंड के खोपी गांव से भी इसी तरह का मामला सामने आया। यहां सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुक राजन सिंह के बैंक खाते में अचानक 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदर्शित होने लगी।
गयाजी में ई-रिक्शा चालक के खाते में 759 करोड़ 69 लाख
गयाजी शहर की बात करें तो, एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक 759 करोड़ 69 लाख रुपये का बैलेंस दिखने लगा। शिव कुमार पटेल नाम के यह ई-रिक्शा चालक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र पर अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रुपये निकालने गए थे। निकासी के बाद आये बैंक मैसेज में अरबों रुपये का बैलेंस देखकर न सिर्फ वह, बल्कि बैंक कर्मी भी हैरान रह गए। इस मामले में फिलहाल बैंक मैनेजर ने खाते से किसी भी तरह के लेनदेन पर रोक लगा दी है।
नवादा जिले से भी एक ऐसा ही मामला
नवादा जिले में रेखा देवी के खाते में 740 करोड़ रुपये बैंक बैलेंस दिखाने लगा। इतनी बड़ी राशि आने के बाद रेखा देवी की तबीयत भी बिगड़ने लगी। वह बताती हैं कि इतनी राशि उन्होंने कभी नहीं देखा और उनके साथ यह भद्दा मजाक किया गया है। वह हार्ट पेशेंट भी हैं। उनके परिवार के सदस्यों का कहना है कि इस मामले में जिनकी भी गलती रही है उनके ऊपर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए।
82 साल बुजुर्ग के पेंशन अकाउंट में आए 759 करोड़
मुजफ्फरपुर जिले में पेंशन निकालने गए 82 साल के बुज़ुर्ग अपने बैंक अकाउंट में लगभग 759 करोड़ रुपये देख हैरान हो गए। यह अजीबोगरीब घटना सकरा प्रखंड के थतिया सिहो गांव के रहने वाले कामेश्वर मिश्रा के साथ हुई है। सोशल सिक्योरिटी पेंशन स्कीम के लाभार्थी कामेश्वर रविवार को जब पेंशन निकालने एक कॉमन सर्विस सेंटर में गए, तो उन्होंने देखा कि 759,69,51,951 रुपये है। मामला तब सामने आया, जब पेंशन की रकम निकालने के बाद उन्होंने बैलेंस चेक करने का सोचा. उस वक्त साथ में उनका दिव्यांग बेटा भी था। हैरानी तब और बढ़ गई, जब बेटे का अकाउंट चेक करने पर उसमें भी इतने ही बड़े अमाउंट का बैलेंस दिखा। दोनों अकाउंट में कुल मिलाकर 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम थी।

