कुल्टी: पश्चिम बंगाल सरकार में संसदीय कार्य विभाग तथा नगर विकास एवं नगर मामलों के राज्य मंत्री एवं हावड़ा उत्तर विधानसभा से भाजपा विधायक उमेश राय के अपने पैतृक गांव जाने के दौरान बुधवार देर रात बंगाल-झारखंड सीमा पर कुल्टी विधानसभा भाजपा परिवार की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
राज्य मंत्री के सीमा क्षेत्र में पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और मंडल पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों, भारत माता के जयघोष और जोरदार नारों के बीच उनका आत्मीय अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल पदाधिकारी मनमोहन राय एवं समाजसेवी अवध किशोर शर्मा ने राज्य मंत्री को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
समाजसेवी अवध किशोर शर्मा ने कहा कि राज्य मंत्री उमेश राय एक सरल, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उनका जनसंपर्क और सेवा भाव प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
स्वागत समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री के साथ संगठन की मजबूती, जनसेवा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर संक्षिप्त चर्चा भी की। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। अंत में सभी ने राज्य मंत्री के सफल एवं स्वस्थ सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

