राहुल गांधी का पटना दौरा क्यों हुआ रद्द? जानें अंदर की बात

Neelam
By Neelam
3 Min Read

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा रद्द हो गया है। राहुल गांधी 15 जुलाई को पटना में आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन में शामिल होने वाले थे। इससे पहले यह कार्यक्रम 11 जुलाई को प्रस्तावित था। बाद में इसकी तारीख बदलकर 15 जुलाई कर दी गई थी। अब कांग्रेस ने पूरा कार्यक्रम ही स्थगित कर दिया है।

क्या बांकीपुर उपचुनाव बनी वजह?

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इसके पीछे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के चलते लागू आचार संहिता को आधिकारिक वजह बताया है। कांग्रेस का कहना है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया और आचार संहिता लागू होने के कारण इस तरह का बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं होगा। हालांकि, पार्टी के अंदर कार्यक्रम रद्द होने के अन्य कारणों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं।

सम्मेलन की तैयारियां तय समय तक पूरी नहीं हो सकीं?

दरअसल, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस शुरू से संशय की स्थिति थी। यही कारण था कि छात्र समागम की पहली तिथि 11 जुलाई को थी। इसे बढ़ाया गया और अगली तारीख 15 जुलाई रखी गई। अब जैसे ही यह तारीख नजदीक आई, इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। अगली तिथि भी घोषित नहीं की गई। सूत्रों के मुताबिक, छात्र सम्मेलन की तैयारी को लेकर पार्टी संगठन तय लक्ष्य हासिल नहीं कर सका।

10 हजार छात्रों का डेटा तैयार करने का था लक्ष्य

बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को करीब 10 हजार छात्रों का विस्तृत डेटा तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक, संगठन से कहा गया था कि ऐसे लगभग 10 हजार छात्रों के नाम और मोबाइल नंबर जुटाए जाएं, जो नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों या समस्याओं से प्रभावित रहे हों। उद्देश्य ऐसे छात्रों को सम्मेलन में जोड़कर उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाना था।

कार्यक्रम की नई तारीख फिलहाल घोषित नहीं

पार्टी के अंदर यह भी चर्चा है कि निर्धारित समय तक छात्रों का आवश्यक डेटा और संपर्क सूची तैयार नहीं हो सकी। इसी कारण कार्यक्रम की तैयारियों पर असर पड़ा। इधर, राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन की नई तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है। अब सभी की नजर कांग्रेस के अगले फैसले पर है कि यह सम्मेलन उपचुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आयोजित किया जाएगा या नहीं।

Share This Article