रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ)विमल कुमार की हत्या के बाद सूबे की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ विपक्ष प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। वहीं, मामले में विमल कुनार की पत्नी बबीता कुमारी ने लोजपा के स्थानीय विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है।
ईओ की पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित के अनुसार विधायक सोनू सिंह लगातार उनके पति से बात करते हुए 50 लाख रुपए की मांग करते थे। इतना हीं नहीं पत्नी ने विधायक सोनू सिंह पर साजिश के तहत हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने स्थानीय विधायक के नार्को टेस्ट की भी मांग की और कहा कि हत्या में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने की ये मांग
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी विमल कुमार हत्याकांड को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि बिहार में अधिकारियों की सुरक्षा भी खतरे में है। तेजस्वी ने परिजनों के आरोपों का हवाला देते हुए एनडीए के एक विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने आईजी स्तर की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वतंत्र जांच से ही सच्चाई सामने आएगी। साथ ही मुख्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
आरोपों पर क्या बोले लोजपा विधायक?
वहीं इन आरोपों को स्थानीय विधायक सोनू सिंह ने राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया।उन्होंने कहा कि ईओ की हत्या से व्यक्तिगत तौर पर मैं काफी आहत हूं। इस दुखद हत्याकांड में बिना प्रमाण के मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह राजनीतिक उकसावे का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि शहर का विकास और जनता की सेवा हीं उनकी प्राथमिकता है, जिसको लेकर एक जनप्रतिनिधि के नाते विमल कुमार से अक्सर बातचीत होती रहती थी। पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि मामला जांच का विषय है और अपराधी कोई भी हो, बचेगा नहीं।
ड्राइवर की गिरफ्तारी के जांट जारी
बता दें कि शनिवार रात डेहरी से पटना लौटने के दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित घनौती पुल के पास उनके चालक मिथिलेश कुमार ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार चालक की निशानदेही पर घटनास्थल के नजदीक नहर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड को बरामद कर लिया गया है और पीड़ित पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस परिवार के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

