डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: अंधेरे की समस्या से जूझ रहे मानगो के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मानगो नगर निगम क्षेत्र की सड़कों और मोहल्लों को अब आधुनिक रोशनी से चमकाने की बड़ी तैयारी कर ली गई है। नगर निगम की ओर से करीब 1.63 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर पूरे क्षेत्र में पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलने और नई एलईडी लाइटें लगाने का खाका तैयार किया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम, आवागमन होगा सुरक्षित
पारडीह से लेकर पायल सिनेमा तक के मुख्य मार्ग पर अक्सर खराब या कम रोशनी वाली लाइटों की वजह से हादसों का डर बना रहता था। इस व्यस्त रूट को सुरक्षित बनाने के लिए पोल पर लगी 276 पुरानी लाइटों को पूरी तरह बदला जाएगा। इस मुख्य स्ट्रेच को अपग्रेड करने पर लगभग 68.47 लाख रुपये खर्च होंगे। नई आधुनिक लाइटें लगने के बाद रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों के लिए इस मुख्य सड़क पर सफर काफी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
मोहल्लों और अंदरूनी सड़कों के लिए ₹94.69 लाख का प्लान
सिर्फ मुख्य मार्ग ही नहीं, बल्कि मानगो नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों की अंदरूनी सड़कों और गलियों को भी जगमगाने की योजना है। इसके तहत विभिन्न वार्डों में कुल 1,000 नई एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। इस कार्य पर 94.69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे ताकि रात के समय मोहल्लों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे।
6 महीने की डेडलाइन तय
दोनों परियोजनाओं (मुख्य सड़क का नवीनीकरण और वार्डों में नई लाइटें) को अगले 6 महीनों के भीतर पूरा करने की समय सीमा तय की गई है।

