बिहार में पूरी तरह मानसून सक्रिय, अगले 5 दिनों तक खूब बरसेंगे बादल, सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बिहार के लगभग सभी जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान के साथ वज्रपात होने की गंभीर संभावना जताई गई है।

पटना समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बिहार में एक्टिव मानसून को देखते हुए मौसम सेवा केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी पटना समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि बाकी 25 जिलों में येलो अलर्ट लागू है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की पूरी आशंका है।

अगले 5 दिनों तक मानसून का असर 

बिहार मौसम सेवा केंद्र  का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मानसून का ज़ोर बरकरार रहेगा। रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।

बीते 24 घंटे का हाल

उधर, पिछले 24 घंटों के दौरान खगड़िया, समस्तीपुर, सासाराम और जमुई में झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं औरंगाबाद में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे इलाके में मातम का माहौल है। राजधानी पटना में भी दिनभर बादलों का डेरा रहा। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में हुई है।

Share This Article