पटना के लोगों के लिए मेट्रो को लेकर अच्छी खबर है। जुलाई से मेट्रो 5 और स्टेशनों तक दौड़ने जा रही है। पटना में अब तक मेट्रो सिर्फ बाईपास पर तीन स्टेशनों के बीच चल रही थी लेकिन अब यह पहली बार शहर में एंट्री लेने जा रही है। इसी क्रम में कल यानी 2 जुलाई से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन तक परिचालन की शुरुआत होने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो जुलाई को मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण करेंगे।
इन 5 स्टेशनों के बीच दौड़ेगी मेट्रो
पटना मेट्रो न्यू आईएसबीटी से शुरू होकर जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन तक जाएगी। वर्तमान में मेट्रो न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ तक करीब 3.6 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर चल रही है। विस्तार के बाद यह कॉरिडोर बढ़कर लगभग 6.2 किलोमीटर का हो जाएगा।
खेमनीचक स्टेशन पर फिलहाल नहीं रुकेगी मेट्रो
फिलहाल खेमनीचक स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा। मेट्रो खेमनीचक स्टेशन से होकर गुजरेगी लेकिन यहां रुकेगी नहीं। दरअसल इस स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है इसीलिए मेट्रो यहां पर नहीं रुकेगी। स्टेशन जब पूरी तरह बन जाएगा तब ये यात्रियों के लिए खुलेगा।
प्रतिदिन 24 फेरे होंगे संचालित
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक न्यू आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी के बीच प्रतिदिन 24 फेरे संचालित किए जाएंगे। गति बढ़ने के कारण अतिरिक्त दूरी जुड़ने के बावजूद फेरों की संख्या में कोई कमी नहीं आएगी।
किराया कितना होगा?
न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक का मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है। वहीं भूतनाथ स्टेशन तक जाने के लिए 15 रुपये चुकाने होंगे। मेट्रो का संचालन वाकी-टाकी आधारित कम्यूनिकेशन सिस्टम के जरिए किया जा रहा है। फिलहाल सिंगल ट्रैक होने की वजह से मेट्रो एक ही ट्रैक पर ही चल रही है।

