अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय रांची, परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों तथा झारखंड के सभी टोल प्लाजा पर रविवार को सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” रही, जिसके अनुरूप अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
योग कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन तथा समग्र स्वास्थ्य के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर NHAI, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नियमित योगाभ्यास के जरिए स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर NHAI क्षेत्रीय कार्यालय रांची ने कहा कि कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने कार्यस्थल पर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ योग के प्रति लोगों की जागरूकता को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

