पलामू। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरा पलामू योगमय हो गया। प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर सहित जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” के तहत पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, मीडियाकर्मियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में जिला प्रशासन एवं जिला आयुष समिति के संयुक्त तत्वावधान में सुबह छह बजे भव्य जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी तथा पतंजलि योगपीठ के मास्टर योग प्रशिक्षक राजीव शरण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के योग प्रशिक्षक राजीव शरण ने उपस्थित लोगों को योग एवं प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वज्रासन, सिद्धासन, ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, शवासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन, शीर्षासन एवं सूर्य नमस्कार सहित कई योगासनों का अभ्यास कराया। इसके अलावा भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम की विधि तथा उनके लाभों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वर्ष योग के प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए पवन कुमार गुप्ता और सीमा सहाय को सम्मानित किया गया। वहीं महरजा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उत्कृष्ट हर्बल गार्डन विकसित करने और उसके बेहतर रखरखाव के लिए डॉ. अजय कुमार उपाध्याय को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, नजारत उप समाहर्ता नीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम, डीपीएम मृत्युंजय मेहता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजसेवी, विद्यार्थी और शहर के आमजन उपस्थित रहे।
योग दिवस के इस आयोजन ने पलामू में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देते हुए पूरे जिले को योग के रंग में रंग दिया।

