गोड्डा में निशिकांत दुबे ने की ‘नमो सेवा’ की शुरुआत, 24×7 मिलेगी मुफ्त एम्बुलेंस सेवा

KK Sagar
2 Min Read

सांसद निशिकांत दुबे ने 7 नि:शुल्क एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को होगा बड़ा लाभ

गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को देवघर स्थित अपने निजी आवास शिव धाम से ‘नमो सेवा’ नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 7 आधुनिक एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बताया गया कि यह सेवा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं सहयोग से शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र, सुरक्षित और निःशुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।

24 घंटे मिलेगी मुफ्त सेवा

‘नमो सेवा’ के तहत संचालित एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे और वर्ष के 365 दिन आम लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा अहम भूमिका निभाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता : निशिकांत दुबे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और ‘नमो सेवा’ इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में यह सेवा लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी और हजारों परिवारों को राहत प्रदान करेगी।

लोगों ने किया स्वागत

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। लोगों का कहना था कि नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

‘नमो सेवा’ की शुरुआत को गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....