पलामू पुलिस ने सुलझाया सोलर प्लेट चोरी कांड मामला, आरोपी गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

पलामू। पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर से चोरी हुई 10 सोलर प्लेटों के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मामले का उद्भेदन कर लिया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीएचसी परिसर से सोलर प्लेट चोरी होने के संबंध में मोहम्मदगंज थाना कांड संख्या 17/2026 दिनांक 30 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (हुसैनाबाद) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मदगंज निवासी शंकर राम (25 वर्ष), पिता संजय राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 10 सोलर प्लेटों में से 8 सोलर प्लेट बरामद कर ली गईं।

पुलिस ने बरामद सोलर प्लेटों को जब्त कर लिया है तथा शेष सामान की बरामदगी और मामले की आगे की जांच जारी है। इस मामले में शामिल एक 15 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

वहीं गिरफ्तार आरोपी शंकर राम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि सरकारी संपत्ति की चोरी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....