फिर महंगे हुए पेट्रोल-डीजल

KK Sagar
2 Min Read

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारत की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के कारण देश में पेट्रोल और डीजल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को तेल कंपनियों ने एक बार फिर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी New Delhi में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। तेल कंपनियों ने सोमवार देर रात पेट्रोल पंप संचालकों को नई कीमतों की जानकारी भेजी थी, जिसके बाद मंगलवार सुबह से नई दरें लागू कर दी गईं।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। उस दिन पेट्रोल 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था। लगातार दूसरी बार कीमतें बढ़ने से आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। खासकर रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और छोटे कारोबारियों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव और युद्ध की स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इससे महंगाई बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है, क्योंकि ईंधन महंगा होने का असर परिवहन से लेकर खाद्य पदार्थों तक लगभग हर क्षेत्र पर पड़ता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....