पलामू में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, लाखों की अफीम बरामद

KK Sagar
2 Min Read

डालटनगंज से 2.690 किलो अफीम जब्त, तीन आरोपित गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

पलामू: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पलामू पुलिस ने शहर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, डालटनगंज में छापेमारी कर 2.690 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध शहर थाना कांड संख्या 280/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेन्द्र कुमार सिंह (26 वर्ष), मनोज कुमार सिंह (28 वर्ष) और जितेन्द्र कुमार यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मनातू थाना क्षेत्र के नागद गांव के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल 2.690 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जितेन्द्र कुमार यादव पिछले दो वर्षों से अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्त था और इस नेटवर्क में मुख्य रूप से लईजिनिंग (Liaisoning) का कार्य करता था।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....