पलामू: पाटन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण एवं हत्या मामले में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी को पुलिस ने कर्नाटक के राजनकुंटे (बेंगलुरु) से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो सिम वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की प्राथमिकी पाटन थाना में दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि राहुल राम अपने साथियों के साथ प्रभात का मोटरसाइकिल से अपहरण कर ले गया। इस संबंध में पाटन थाना कांड संख्या 120/2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
जांच के दौरान 26 जुलाई को करोरिया स्थित पांडेयपुरा गांव के एक निर्माणाधीन मकान से प्रभात मेहता का शव बरामद किया गया। इसके बाद तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर 29 जुलाई को मुख्य आरोपी राहुल कुमार को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि वह ब्राउन शुगर लेने प्रभात के घर गया था। वहां से दोनों एक निर्माणाधीन मकान में पहुंचे, जहां दोनों ने ब्राउन शुगर का सेवन किया। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान उसे पुरानी रंजिश याद आ गई। उसने बताया कि प्रभात द्वारा पहले मारपीट किए जाने की घटना को लेकर बदला लेने की नीयत से उसने ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया और वहां से फरार हो गया। बाद में प्रभात की मौत की जानकारी मिलने पर वह डर के कारण बेंगलुरु चला गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पाटन थाना में पहले से अपहरण, मारपीट, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

