आवारा कुत्तों को लगाया जा रहा एंटी रेबीज वैक्सीन, शहर को रेबीज मुक्त बनाने की पहल

Manju
By Manju
2 Min Read

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पशुपालन विभाग व स्वयंसेवी संस्था द स्ट्रे आर्मी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को आमबागान मैदान में आवारा कुत्तों को एंटी रेबीज वैक्सीन देने का कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के उप विकास आयुक्त मनीष कुमार ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शहर को रेबीज मुक्त बनाने के लिए सभी जिम्मेवार नागरिकों का सहयोग जरूरी बताते हुए पशु क्रूरता अधिनियमों को सख्ती से लागू कराने के लिए इनफोर्सिंग एजेंसी को भी सक्रियता दिखाने का निर्देश दिया। द स्ट्रे आर्मी चैरिटेबल ट्रस्ट की शिल्पा महापात्र ने कहा कि इस अद्वितीय पहल का उद्देश्य न केवल आवारा कुत्तों को सुरक्षा प्रदान करना है। बल्कि इससे समाज को रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव करने में मदद करना भी है। रेबीज़ एक जानलेवा बीमारी है, जो जानवरों से जानवरों से मानव में संक्रमित होती है। इस पहल के जरिए हम इस खतरे को कम करने का प्रयास कर रहे हैं। आयोजन के दौरान आम बागान में शहर के पशु चिकित्सकों और द स्ट्रे आर्मी के वॉलिंटियरों ने मिलकर आवारा कुत्तों को रेबीज वैक्सीन से सुरक्षित किया। उन्होंने बताया कि यह कैंप 31 जनवरी तक जारी रहेगा। जिसमें संस्था के स्वयंसेवक हर क्षेत्र में जाकर वहां के कुत्तों को वैक्सीनेट करेंगे। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के कुत्तों को टीका लगवाने के लिए मोबाइल नंबर 7609874246 पर संपर्क करने को कहा। कार्यक्रम का संचालन जमशेदपुर के सरकारी पेट क्लिनिक के प्रभारी डॉक्टर राजेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी ने शहर के सभी पशु चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वह इस एंटी रेबीज वैक्सीनेशन ड्राइव में स्ट्रे आर्मी के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर इस मिशन को सफल बनाएं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *