रजरप्पा मंदिर के पुनर्विकास को मिलेगी रफ्तार, उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्ध पीठ रजरप्पा मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक भवन में बैठक कर संबंधित अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन समिति के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने झारखंड उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी देते हुए पुनर्विकास की रूपरेखा साझा की और सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित बस स्टैंड, एंट्री-एग्जिट गेट, घाट निर्माण और दुकानों के लिए चिन्हित स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थित व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाए।

मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। हटाए गए दुकानदारों को पुनः व्यवस्थित करने के लिए नई जगहों का चिन्हांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर राज्य का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए यहां बेहतर यातायात, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने विकास कार्यों के दौरान काटे जाने वाले पेड़ों के बदले क्षतिपूर्ति वनीकरण को लेकर भी संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चितरपुर समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....