बिहार के नए महाधिवक्ता बने सत्यदर्शी संजय, सम्राट कैबिनेट ने लगाई मुहर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार सरकार के विधि विभाग ने वरिष्ठ अधिवक्ता एसडी संजय यानी सत्यदर्शी संजय को बिहार का नया महाधिवक्ता नियुक्त कर दिया है। सत्यदर्शी संजय की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रशांत कुमार शाही के इस्तीफा देने के बाद खाली हुए पद एसडी संजय को मौका दिया गया।

सत्यदर्शी संजय बने बिहार के महाधिवक्ता

राज्यपाल के आदेश से सरकार के सचिव बलराम दूबे की ओर से विधि विभाग ने गुरुवार को इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। सरकर की ओर से कहा गया है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 165 (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल ने एसडी संजय को नियुक्त किया है।  

कौन हैं एसडी संजय 

दिल्ली विश्वविद्यालय से 1984 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी कर पटना हाईकोर्ट में वकालत करने वाले एसडी संजय जाने-माने वकीलों में से एक हैं। पटना हाईकोर्ट ने उन्हें 2013 में सीनियर एडवोकेट का दर्जा दिया था। इतना ही नहीं वह बिहार के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। एसडी संजय पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील होने के साथ-साथ देश के सुप्रीम कोर्ट में भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 2024 में केंद्र सरकार ने एसडी संजय को केंद्र सरकार का अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया था।

चार दिन पहले पीके शाह ने दिया था इस्तीफा

बता दें कि चार दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी प्रशांत कुमार शाही उर्फ पीके शाही में इस्तीफा दे दिया था। पिछले कई तीन वर्षों से वह लगातार बिहार सरकार का पक्ष कोर्ट में रख रहे थे। इससे पहले भी वह 2005 से 2010 तक बिहार सरकार के महाधिवक्ता रह चुके थे। बाद में उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी सरकार में शिक्षा मंत्री भी बनाया था। वह पर्यावरण एवं वन और योजना विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इतना ही नहीं नीतीश कुमार ने उन्हें महाराजगंज लोकसभा सीट से 2013 में उप चुनाव भी लड़वाया था हालांकि वह राजद प्रत्याशी से हार गए थे। 

Share This Article