डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रोरो नदी डैम में नहाने गए बड़ी बाजार निवासी 20 वर्षीय युवक इजहार अशरफ उर्फ जानू की डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह से लापता युवक का शव करीब 12 घंटे बाद गुरुवार को डैम से बरामद किया गया। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार और पूरे मोहल्ले में कोहराम मचा हुआ है।
कल सुबह से लापता था युवक, सोशल मीडिया पर मांगी जा रही थी मदद
मृतक इजहार अशरफ चाईबासा के खप्परसाई स्थित एक दुकान में वेल्डिंग मिस्त्री का काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह बुधवार सुबह रोज की तरह घर से निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ी और उन्होंने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों से लेकर संभावित ठिकानों पर ढूंढने के बाद, दोस्तों ने उसकी फोटो सोशल मीडिया ग्रुप्स पर शेयर कर लोगों से ढूंढने की अपील भी की थी। पूरी रात परिजन और दोस्त जिस इजहार की सलामती की दुआ मांग रहे थे, गुरुवार रोरो डैम के पास से उसकी मौत की खबर आई।
सुबह नदी में तैरता दिखा शव, इलाके में पसरा सन्नाटा
गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने रोरो नदी डैम में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सोशल मीडिया पर लापता की खबर देख चुके स्थानीय लोगों ने जब शव को ध्यान से देखा, तो उसकी पहचान इजहार अशरफ के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
युवक की असमय मौत से मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दोस्तों और करीबियों में भी शोक की लहर है। मुफस्सिल थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में नहाने के दौरान डूबने का लग रहा है, लेकिन पुलिस हादसे के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ हो पाएगी।

