बिहार के सीवान जिले में एक बार फिर रघुनाथपुर से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक ओसामा शहाब सुर्खियों में हैं। सीवान के पूर्व बाहुबली सांसद दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। ओसामा शहाब के खिलाफ महज 10 दिनों के भीतर दूसरी गंभीर FIR दर्ज की गई है।
यूपी के डॉक्टर दंपति ने दर्ज कराई FIR
इस बार ओसामा शहाब पर उत्तर प्रदेश के एक डॉक्टर दंपति की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रहने वाले डॉक्टर विनय सिंह और उनकी पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने दर्ज कराई है। दंपत्ति मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं।
डॉक्टर दंपति ने लगाया धमकाने का आरोप
डॉक्टर दंपति का आरोप है कि सीवान के जुनापुर गांव में बाईपास सड़क के किनारे उनकी एक कीमती जमीन है। जैसे ही उन्होंने इस जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया, उन्हें कथित तौर पर विधायक ओसामा शहाब के इशारे पर काम कर रहे गुंडों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि विधायक के गुंडों ने जबरदस्ती चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया और मौके पर मौजूद मजदूरों के साथ मारपीट की
मोबाइल पर ओसामा शहाब ने किया कॉल
अपने आवेदन में दंपति ने आरोप लगाया है कि इसी बीच उनके पति के नंबर पर ओसामा शहाब ने कॉल कर जमीन पर विवाद की बात कही। उन्होंने जमीन के कागजात दिखाने को कहा। जिसके बाद डाक्टर दंपति जमीन का पेपर ओसामा शहाब तक भेज दिया। इसके बाद मामला शांत होता देख फिर से मकान निर्माण का कार्य शुरू हो गया। आरोप है कि ओसामा शहाब के तरफ से फरहान और साबिर समेत के 30 –35 लोग वहां पहुंचे और मारपीट कर काम बंद करा दिया। उनलोगों ने धमकी दिया कि जान प्यारी है तो जमीन छोड़ कर गोरखपुर चले जाओ।
10 दिन पहले लगा हत्या की साजिश रचने का आरोप
इससे पहले 5 अप्रैल को भी ओसामा के खिलाफ एक FIR दर्ज की गई थी। वह घटना सीवान के सेमरी गांव में एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर के बाद भड़की हिंसक झड़प से जुड़ी थी। उस मामले में स्थानीय बाहुबली चंदन सिंह ने ओसामा शहाब और उसके करीबी सहयोगी डब्लू खान पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। उस घटना के दौरान, मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया था, जिसके बाद ओसामा सहित कई व्यक्तियों के खिलाफ तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई थीं।

