ऑर्केस्ट्रा की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, प्रेग्नेंट मिली एक नाबालिग डांसर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के बेतिया जिले में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे मानव तस्करी, सेक्स रैकेट और नाबालिगों के शोषण का पर्दाफाश हुआ है। यहां ऑर्केस्ट्रा की आड़ में बंधक बनाकर रखी गईं छह नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। इस मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक समेत आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुक्त कराई गई लड़कियों में एक गर्भवती भी शामिल है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। 

छह नाबालिग लड़कियों को किया रेस्क्यू

बेतिया जिले के योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र स्थित बहुअरवा गांव में जिला प्रशासन, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर छह नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है। मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता समेत करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के बाद बचाई गईं लड़कियां

जानकारी के अनुसार, मामला योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुअरवा गांव का है। चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर के जिला समन्वयक (डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर) आलोक कुमार ने बताया कि पटना स्थित ‘मुक्ति फाउंडेशन’ से इस नेटवर्क के सक्रिय होने की गुप्त जानकारी मिली थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया। इस टीम ने स्थानीय पुलिस और एएचटीयू के सहयोग से बहुअरवा गांव में छापेमारी कर लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

ऑर्केस्ट्रा की आड़ में “गंदा धंधा

बचाई गईं छह लड़कियों में पांच पश्चिम बंगाल और एक बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली बताई जा रही है। पूछताछ में लड़कियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि अच्छे रोजगार के नाम पर उन्हें बंधक बना लिया गया और फिर ऑर्केस्ट्रा की आड़ में जबरन गलत गतिविधियों में धकेला जाने लगा। 

एक लड़की लड़की गर्भवती मिली

इस पूरे मामले में रेस्क्यू टीम को इन नाबालिगों में से एक लड़की गर्भवती भी मिली। प्रशासन ने सभी छह लड़कियों को अपने संरक्षण में ले लिया है और उनकी सुरक्षित काउंसलिंग कराई जा रही है।वहीं दूसरी ओर, पुलिस गिरफ्तार किए गए संचालक रामबाबू गुप्ता और उसके साथियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों का पता लगाया जा सके।

Share This Article