कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धारमैया लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल के प्राइवेट सेक्रेटरी को सीएम पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा, कल हाईकमान ने मुझे इस्तीफा देने के लिए कहा था। इसलिए मैंने आज इस्तीफा दे दिया।
हाई कमान के कहने पर दिया इस्तीफा- सिद्धारमैया
कांग्रेस आलाकमान के निर्देशानुसार, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए सिद्धारमैया काफी भावुक नजर आए। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, हाई कमान के पहले ही इस्तीफा देने के लिए कहने के बाद, मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मुझे पूरा भरोसा है कि जब राज्यपाल इसे स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि यह संविधान के अनुसार ही किया जाना है।
सिद्धारमैया बोले- पार्टी के पास पूर्ण बहुमत
सिद्धारमैया ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और संवैधानिक रूप से नई सरकार बनाने का अधिकार भी कांग्रेस को ही मिलना चाहिए। सिद्धारमैया ने कहा, हमारी पार्टी के 135 विधायक हैं। इसके साथ दो अन्य विधायक ने हमें समर्थन दिया है। ऐसे में हमारी पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है। हमारे सभी विधायक एकजुट हैं। मुझे कर्नाटक के 7 करोड़ लोगों की सेवा करने का दो बार मौका मिला है।

