33 किलो गांजा, 3 ट्रॉली बैग और 16.5 लाख की खेप… मानगो बस स्टैंड से पकड़ा गया बिहार का तस्कर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड पर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 33 किलो गांजे के साथ बिहार निवासी एक तस्कर को दबोचा है। जब्त किए गए गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 16.5 लाख रुपये आंकी गई है।

शौचालय के पास घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस को 26 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 स्थित शौचालय के पास कुछ युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर मौजूद हैं और उसे आगे भेजने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर और सिटी एसपी की निगरानी में थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी कर पटना के अथमलगोला निवासी 20 वर्षीय उमेश कुमार को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी चकमा देने में कामयाब रहे।

तीन ट्रॉली बैग से मिला गांजा
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से कुल 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने उसका सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि गांजे की यह खेप ओडिशा से मंगवाई गई थी और इसे बिहार और वाराणसी में सप्लाई किया जाना था।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
मामले में सीतारामडेरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 29 के तहत कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
अब पुलिस आरोपी के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डेटा की मदद से पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में जुटी है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि ओडिशा में इस खेप को किसने लोड कराया था और बिहार व वाराणसी में इसे किन तस्करों तक पहुंचाया जाना था।

Share This Article