चाईबासा: सोनुवा में रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूल जा रही शिक्षिका को रौंदा, मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NH-320D जाम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के चाईबासा में एक बार फिर रफ्तार के कहर ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को लील लिया। सोनुवा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर मैदान और शिशु मंदिर के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां स्कूल जा रही 23 वर्षीय शिक्षिका वंदना महतो को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से बेरहमी से रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षिका ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 320डी को पूरी तरह से जाम कर दिया है।

सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
​मिली जानकारी के अनुसार, मृतका वंदना महतो निश्चिंतपुर गांव की रहने वाली थी और एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय सोनुवा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह रोज की तरह घर से स्कूल के लिए पैदल निकली थी।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार: वंदना सड़क के किनारे-किनारे बिल्कुल सुरक्षित तरीके से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से काल बनकर आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में टूटी सांसें
​टक्कर इतनी भयानक थी कि वंदना लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुवा ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। एम्बुलेंस से चाईबासा ले जाने के दौरान रास्ते में ही वंदना की सांसें थम गई।

सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण, लगा वाहनों का लंबा जाम
​शिक्षिका की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दोपहर करीब 12 बजे भारी संख्या में गुस्साए ग्रामीणों ने निश्चितपुर के पास एनएच 320डी को जाम कर दिया। हाईवे जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली व उसके चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।

Share This Article