धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर मंगलवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब सैकड़ों महिलाओं ने भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने श्रवण राय का पुतला फूंका, जूतों की माला पहनाकर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
पूरा विवाद झरिया टैक्सी स्टैंड में आयोजित सांसद के कार्यक्रम के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर शुरू हुआ। कार्यक्रम में मंच से बोलते हुए श्रवण राय ने बिना नाम लिए “झरिया के माननीय” पर निशाना साधा और परोक्ष रूप से कोयला चोरी तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का जिक्र किया। इसके बाद यह बयान सीधे तौर पर रागिनी सिंह से जोड़कर देखा जाने लगा, जिससे उनके समर्थकों और महिलाओं में भारी नाराजगी फैल गई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन यदि उनकी ही पार्टी के पदाधिकारी महिला विधायक पर इस तरह की टिप्पणी करेंगे तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं ने इसे महिला सम्मान पर हमला बताते हुए भाजपा नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की।
इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा की अंदरूनी राजनीति को भी खुलकर सामने ला दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि पार्टी के भीतर सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारियों के बीच खींचतान बढ़ती जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक मामले की शिकायत प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच चुकी है और पूरे विवाद की जांच की जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा नेतृत्व इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या संगठन स्तर पर कोई बड़ी कार्रवाई होती है।

