बिहार की राजधानी पटना में एक और NEET छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया है। पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र सचिवालय कॉलोनी रोड नंबर 2 स्थित राधे कृष्ण हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। मृतका समस्तीपुर की रहने वाली थी। जो साल 2024 से पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
फंदे से झूलता मिला छात्रा का शव
पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया। मंगलवार सुबह 17 साल की छात्रा का शव फंदे से झूलता देखकर सभी दंग रह गए। हॉस्टल संचालक ने फौरन इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कमरे और आसपास के इलाके की जांच की जा रही है। पुलिस हॉस्टल प्रबंधन, अन्य छात्राओं और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
आत्महत्या की बात कह रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, 17 साल की छात्रा समस्तीपुर की रहने वाली थी। वह पिछले दो वर्ष से पटना में नीट परीक्षा की तैयारी करती थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या लग रहा है। परिजनों से मामले की जानकारी ली जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है।
छात्रा के कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे
किसी लड़के की ओर से परेशान करने की बात भी सामने आ रही है। परिजनों का कहना है कि कोई लड़का है, जो उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा था। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और मामले की जांच करे। छात्रा के कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है। लड़के की तलाश की जा रही है।
रात में खाना खाने के बाद गई थी कमरे में
जानकारी के मुताबिक श्रुति कुमारी हॉस्टल में सोमवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। आज मंगलवार को सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो अन्य छात्राओं को शक हुआ। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो लड़कियों ने उसे धक्का देना शुरू कर दिया। दरवाजा खुलने के बाद अचानक से हर कोई हैरान रह गया। छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई थी।
पिछले कुछ दिनों से परेशान थी छात्रा
10 दिन पहले ही श्रुति अपने गांव से पटना लौटी थी। हॉस्टल संचालक आभा सिंह ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। श्रुति के दोस्तों ने बताया कि वह कहा करती थी कि उसके मम्मी-पापा उससे बात नहीं करते। इस कारण वह कुछ तनाव में भी रहती थी।

