टाटा स्टील का मेगा प्लान: चालू वित्त वर्ष में ₹20,000 करोड़ का बड़ा निवेश, उत्पादन क्षमता 5 करोड़ टन करने का लक्ष्य

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:भारतीय स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील घरेलू बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए एक बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में करीब 20,000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम पूंजीगत निवेश की योजना बनाई है। यह निवेश पिछले साल के मुकाबले लगभग 38 फीसदी अधिक है, जो कंपनी के आक्रामक विस्तार की रणनीति को दर्शाता है।कंपनी के सीईओ और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन और मुख्य वित्त अधिकारी कौशिक चटर्जी ने इस निवेश योजना की पुष्टि की है।

निवेश का पूरा गणित: कहां और कितना होगा खर्च?

38% का बड़ा उछाल: पिछले वित्त वर्ष में टाटा स्टील ने ₹14,559 करोड़ का निवेश किया था, जिसे इस साल बढ़ाकर ₹20,000 करोड़ किया जा रहा है।

भारत पर मुख्य फोकस: इस कुल निवेश का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा देश के भीतर ही विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा।

जमशेदपुर को मिलेगा बड़ा हिस्सा: निवेश की एक बड़ी राशि जमशेदपुर में खर्च की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को भारी बढ़ावा मिलेगा।

इन प्रोजेक्ट्स पर फोकस करेगी टाटा स्टील
कंपनी इस फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से देश में अपने कारोबार के विस्तार, आधुनिकरण और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ाने के लिए करेगी।

कोक ओवन परियोजना और खनन: जमशेदपुर में कोक ओवन प्रोजेक्ट को मजबूत करने के साथ-साथ खनन गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा।

बिजनेस वर्टिकल्स का विस्तार: टिनप्लेट और वायर (तार) कारोबार के विस्तार पर विशेष जोर रहेगा।

तारापुर में नई लाइन: तारापुर प्लांट में ‘हॉट रोल्ड पिकलिंग एंड गैल्वनाइजिंग लाइन’ को मजबूत किया जाएगा।

ग्रीन ऑपरेशन्स और सप्लाई चेन: आपूर्ति श्रृंखला को दुरुस्त करने के साथ-साथ हरित परिचालन यानी पर्यावरण अनुकूल तकनीकों पर निवेश होगा।

फ्यूचर टारगेट: 5 करोड़ टन सालाना क्षमता का लक्ष्य
टाटा स्टील सिर्फ निवेश ही नहीं बढ़ा रही है, बल्कि भविष्य के लिए बड़े टारगेट भी सेट कर चुकी है।

मौजूदा क्षमता: वर्तमान में टाटा स्टील की कुल इस्पात उत्पादन क्षमता 3.6 करोड़ टन सालाना से अधिक है।

भविष्य का लक्ष्य: कंपनी का लक्ष्य आने वाले समय में इसे बढ़ाकर 5 करोड़ टन सालाना से अधिक करने की है।

भारत में ग्रोथ: भारत में वर्तमान में कंपनी की उत्पादन क्षमता 2.73 करोड़ टन है, जिसमें कंपनी 1.2 करोड़ टन की भारी बढ़ोतरी करने की योजना पर काम कर रही है।

Share This Article