बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार के स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल दी है। सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए उन्होंने पोस्ट शेयर कर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर भी तंज कसा। तेजस्वी यादव ने बिहार के स्वास्थ्य विभाग को ‘अमंगल दोष से ग्रसित’ बताया है।
तेजस्वी के निशाने पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय
तेजस्वी यादव ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर सवाल उठाए। इस दौरान उनके निशाने पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय रहे। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य के कई सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि कहीं डॉक्टरों की कमी है, तो कहीं दवाएं, बेड और आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं।
सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की खोली पोल
आरजेडी नेता ने अपने एक्स हैंडल से इस वीडियो को शेयर करते हुए कहा, “अमंगल दोष से ग्रसित बिहार का स्वास्थ्य विभाग बना नरक! बिहार के अस्पतालों में कहीं डॉक्टर नहीं, कहीं रूई नहीं-रूई है तो सुई नहीं, कहीं दवा नहीं, कहीं बेड नहीं… और अब हालत यह है कि अस्पताल में मरीज के लिए व्हील चेयर तक उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में मरीज को कभी साइकिल, कभी चारपाई, कभी स्कूटर पर बैठाकर ले जाना पड़ रहा है।”
समूचे बिहार की स्वास्थ्य-व्यवस्था चौपट-तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि अमंगल सरकार में समूचे बिहार की स्वास्थ्य-व्यवस्था चौपट हो चुकी है। बीजेपी-जेडीयू की सरकार बताए, जब अस्पताल में डॉक्टर नहीं, व्हील चेयर नहीं, दवा नहीं, इलाज की व्यवस्था नहीं, स्वास्थ्य कर्मी नहीं तो इसे अस्पताल कहा ही क्यों जाए? उन्होंने पोस्ट में लिखा है, “ईंट-गारे का ढांचा खड़ा कर फिर उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कह देने से स्वास्थ्य सेवा, सुविधा और व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होती है? ये बिल्डिंग इसलिए बनाते और बनवाए हैं कि इसमें मोटा कमीशन खा सकें अन्यथा बिना चिकित्सकों, नर्सों, ड्रेसर, लैब टेक्निशियन इत्यादि की भर्ती के बिना अस्पतालों के इन भवनों में कबूतर ही रहेंगे।”
अपने कार्यकाल का किया जिक्र
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कई सरकारी अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं, जहां से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजा जाता है। उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस दौरान स्वास्थ्य विभाग में कई सकारात्मक पहल की गई थीं। तेजस्वी यादव ने लिखा, “स्वास्थ्य मंत्री रहते हमने 17 महीनों में स्वास्थ्य विभाग में जो सकारात्मक कार्य किए थे उन सभी को इन भ्रष्ट लोगों ने दरकिनार कर फिर दलालों और माफियाओं के हवाले बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सौंप दिया।”
गयाजी के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल का वीडियो
तेजस्वी द्वारा शेयर किया गया वीडियो गया जी के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल का है। इस वीडियो में एक नौजवान अपनी बीमार दादी (प्यारी देवी) को स्कूटर पर बिठाकर अस्पताल से बाहर ले जाते हुए दिख रहा है, जबकि दादी को सांस लेने में बहुत ज्यादा तकलीफ हो रही थी। परिवार वालों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद न तो कोई डॉक्टर समय पर आया और न ही उनके इलाज के लिए कोई इंतजाम किया गया। हालात तब और भी ज्यादा शर्मनाक हो गए जब मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एक स्ट्रेचर तक नहीं मिल पाया।

